राष्ट्रीय राजधानी और इसके आसपास के इलाकों में रविवार को भीषण गर्मी तथा लू का प्रकोप रहा. उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मुंगेशपुर में पारा जहां 49.2 डिग्री सेल्सियस को पार गया, वहीं दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ में अधिकतम तापमान 49.1 डिग्री दर्ज किया गया.
![Heatwave in Delhi: दिल्ली में गर्मी ने अपनाया रौद्र रूप, चिलचिलाती धूप ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, देखें तस्वीरें](https://feeds.abplive.com/onecms/images/uploaded-images/2022/05/15/17211d7c67ad18d6db8480c68e08f3a9f6168.jpeg?impolicy=abp_cdn&imwidth=480)
राजधानी दिल्ली में गर्मी के सितम ने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. रविवार को दिल्ली के कुछ इलाकों में तापमान 49 डिग्री सेल्सियस पार कर गया. दिल्ली के मुंगेशपुर और नजफगढ़ में पारा 49 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रिकॉर्ड हुआ, मुंगेशपुर में 49.2 तो नजफगढ़ में 49.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. बीते शनिवार को भी लू के थपेड़ों ने दिल्लीवासियों के चेहरे झुलसा दिए थे. शनिवार को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री दर्ज हुआ था, जो कि सामान्य से 5 डिग्री अधिक था.
![Heatwave in Delhi: दिल्ली में गर्मी ने अपनाया रौद्र रूप, चिलचिलाती धूप ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, देखें तस्वीरें](https://feeds.abplive.com/onecms/images/uploaded-images/2022/05/15/27bb80905ceca78bd789235d19f32a8179702.jpeg?impolicy=abp_cdn&imwidth=480)
हालांकि अगले दो दिनों तक दिल्लीवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है, मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि कल और परसों दिल्ली में धूल भरी आंधी चल सकती है और साथ ही कहीं कहीं हल्की बूंदा बांदी भी हो सकती है. मौसम विभाग का पूर्वानुमान के अनुसार अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस वही न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
![Heatwave in Delhi: दिल्ली में गर्मी ने अपनाया रौद्र रूप, चिलचिलाती धूप ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, देखें तस्वीरें](https://feeds.abplive.com/onecms/images/uploaded-images/2022/05/15/5a82b6f51843168db0af6c30621a4f14f734b.jpeg?impolicy=abp_cdn&imwidth=480)
मौसम विभाग के मुताबिक, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में पारा 48.4 डिग्री दर्ज किया गया जबकि जफरपुर, पीतमपुरा और रिज में तापमान क्रमश: 47.5 डिग्री, 47.3 डिग्री और 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सफदरजंग वेधशाला जहां के आंकड़ों को दिल्ली का मानक माना जाता है, वहां भी अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान है.
![Heatwave in Delhi: दिल्ली में गर्मी ने अपनाया रौद्र रूप, चिलचिलाती धूप ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, देखें तस्वीरें](https://feeds.abplive.com/onecms/images/uploaded-images/2022/05/15/799a9d4516092ef9aa7cce54545ba0d18d7ee.jpeg?impolicy=abp_cdn&imwidth=480)
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शनिवार को सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था. वहीं, शुक्रवार को वहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस रहा था. उल्लेखनीय है कि 27 मई 2020 को सफदरजंग में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. शहर के आयानगर, पालम और लोधी रोड वेधशाला में तापमान में वृद्धि देखी गई और इन वेधशालाओं में अधिकतम तापमान क्रमश: 46.8 डिग्री, 46.4 डिग्री और 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राष्ट्रीय राजधानी के सभी मौसम केंद्रों में लू दर्ज की गई.
![Heatwave in Delhi: दिल्ली में गर्मी ने अपनाया रौद्र रूप, चिलचिलाती धूप ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, देखें तस्वीरें](https://feeds.abplive.com/onecms/images/uploaded-images/2022/05/15/e1ee5882f37acc31a308d4ba0491a6f4494f9.jpeg?impolicy=abp_cdn&imwidth=480)
दिल्ली के पास स्थित हरियाणा के गुरुग्राम में अधिकतम तापमान 48.1 डिग्री दर्ज किया गया जो 10 मई 1966 के 49 डिग्री सेल्सियस के बाद सर्वाधिक है. मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पंजाब और हरियाणा के ऊपर बने चक्रवाती संचरण की वजह से मानसून पूर्व की गतिविधियां होंगी. इसकी वजह से सोमवार और मंगलवार को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है.
![Heatwave in Delhi: दिल्ली में गर्मी ने अपनाया रौद्र रूप, चिलचिलाती धूप ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, देखें तस्वीरें](https://feeds.abplive.com/onecms/images/uploaded-images/2022/05/15/8cfc155e8b0afa9b248187803f8b7398874cb.jpeg?impolicy=abp_cdn&imwidth=480)
दिल्ली में अप्रैल के महीने में महज 0.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जबकि मासिक औसत 12.2 मिलीमीटर है. मार्च महीने में भी यहां बारिश नहीं हुई जबकि मासिक औसत 15.9 मिलीमीटर है. आईएमडी ने मई में भी सामान्य से अधिक तापमान होने का पूर्वानुमान लगाया है.
![Heatwave in Delhi: दिल्ली में गर्मी ने अपनाया रौद्र रूप, चिलचिलाती धूप ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें, देखें तस्वीरें](https://feeds.abplive.com/onecms/images/uploaded-images/2022/05/15/8effb082a4a900d2ee5c4717d22b211944857.jpeg?impolicy=abp_cdn&imwidth=480)
अप्रैल के आखिर में लू की वजह से शहर के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान 46 से 47 डिग्री तक पहुंच गया था. आईएमडी के मुताबिक, अधिकतम तापमान करीब 40 डिग्री होने और कम से कम सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक तापमान होने पर लू की घोषणा की जाती है. गंभीर लू घोषित करने के लिए अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम 6.4 डिग्री अधिक होना चाहिए.
0 Comments